
बक्सर, 01 जनवरी (विक्रांत) बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के कर्पूरी ठाकुर सभागार में नववर्ष 2026 के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्षता माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने की।

कार्यक्रम में बीते वर्ष की उपलब्धियों का आत्ममंथन करते हुए नए साल में शैक्षणिक, शोध और सामाजिक क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छूने का संकल्प लिया गया।डीन, कृषि संकाय ने नववर्ष को अतीत से सीख और भविष्य की दिशा तय करने का अवसर बताया। निदेशक अनुसंधान डॉ. अनिल कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय को सामूहिक प्रयासों से निरंतर प्रगति की राह पर बताया।

डीन (पीजी) डॉ. एस. के. पाठक ने पीजी-पीएचडी सीटों में वृद्धि, श्रेष्ठ शिक्षक व थीसिस पुरस्कार तथा फेलोशिप की घोषणा की। निदेशक छात्र कल्याण डॉ. श्वेता शांभवी ने कैशलेस फेलोशिप, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और छात्र सुविधाओं की जानकारी दी।कुलपति ने कृषि कैलेंडर-2026, डिजिटल मृदा मानचित्रण परियोजना सहित कई प्रकाशनों का विमोचन किया।

श्रमिकों के बीच कंबल वितरण कर मानवीय सरोकार का संदेश दिया गया। कुलपति ने 2026 को “लक्ष्य और उत्पाद-विकास का वर्ष” घोषित करते हुए ‘एक वैज्ञानिक–एक उत्पाद’ और मखाना पर विशेष फोकस का ऐलान किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और जलपान के साथ हुआ।

