
बक्सर, 02 जनवरी (विक्रांत) जिलाधिकारी बक्सर साहिला ने जिले के किसानों को चेतावनी और अवसर दोनों देते हुए कहा कि बिहार सरकार की Farmer Registry योजना किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत हर किसान को विशिष्ट Farmer ID दी जाएगी, जिसमें भूमि विवरण, आधार नंबर और अन्य आवश्यक सूचनाएं डिजिटल रूप से दर्ज होंगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राज्य स्तर पर इस प्रणाली के माध्यम से एक एकीकृत ऑनलाइन डेटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिससे पीएम किसान सम्मान निधि समेत सभी सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र किसानों तक पहुंच सकेगा। उन्होंने किसानों से कहा कि Farmer Registry और e-KYC प्रक्रिया अनिवार्य है।किसान अपने क्षेत्रीय किसान सलाहकार, समन्वयक या हल्का कर्मचारी से संपर्क कर पंजीकरण करवा सकते हैं। आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, भूमि दस्तावेज और मोबाइल नंबर शामिल हैं। किसान सलाहकार e-KYC पूरा करेंगे, हल्का कर्मचारी भूमि दस्तावेज सत्यापित करेगा और डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से Farmer ID जारी होगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस पंजीकरण से किसानों को सरकारी योजनाओं का आसान लाभ, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल बिक्री में सुविधा, फसल क्षति पर मुआवजा, और डिजिटल पहचान जैसी कई सुविधाएँ मिलेंगी। उन्होंने सभी किसानों से अपील की कि वे समय पर अपनी Farmer Registry पूरी कराएं, ताकि कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ बाधित न हो।

