
पटना, 1 नवंबर (पटना डेस्क) जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने बिहार की नीतीश सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब वही हालात बन गए हैं, जो कभी लालू प्रसाद यादव के जंगलराज के दौरान थे। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले अपराधियों का राज था, अब अधिकारियों का जंगलराज है।
नालंदा में संवाददाताओं से बातचीत में PK ने कहा, “बिहार में रंगदारी और अपहरण के मामले भले कम हुए हों, लेकिन अब अधिकारियों की मनमानी और भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार पूरी तरह से प्रशासनिक नियंत्रण खो चुकी है।”
NDA के घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “अब नए वादे करने का नहीं, बल्कि पिछले 20 साल का हिसाब देने का समय है। नीतीश कुमार बीस वर्षों से सत्ता में हैं, लेकिन आज भी बिहार देश का सबसे पिछड़ा राज्य बना हुआ है। यही उनका असली रिपोर्ट कार्ड है।”
उन्होंने जनता से अपील की कि वे केवल घोषणाओं पर नहीं, बल्कि सरकार के कामकाज के जमीनी परिणामों पर ध्यान दें।

