
दरभंगा, 08 फरवरी (अजय राय) बिहार के ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री और जद(यू) के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के कथित दुरुपयोग को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। वह दरभंगा पुलिस द्वारा एक मामले में ब्राह्मण समुदाय के 70 लोगों पर SC/ST एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज किए जाने पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें अब तक 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

अशोक चौधरी ने कहा कि SC/ST एक्ट हो या दहेज एक्ट, इन कानूनों का उद्देश्य कमजोर वर्गों की सुरक्षा है, लेकिन यदि इनका दुरुपयोग हुआ तो समाज में गलत संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि SC/ST एक्ट का दुरुपयोग होता है, तो इससे दलितों के प्रति सहानुभूति कमजोर होगी और सामाजिक भाईचारा प्रभावित होगा।यह मामला कुशेश्वर स्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव से जुड़ा है। आरोप है कि 30 जनवरी को बकाया मजदूरी को लेकर हुए विवाद में कैलाश पासवान और अन्य लोगों ने हेमकांत झा और श्रीनाथ झा के साथ मारपीट की।

कैलाश पासवान ने 2015 में केरल में निर्माण कार्य के दौरान बकाया 2.47 लाख रुपये की मांग की थी।इसके बाद 31 जनवरी को ब्राह्मण बस्ती के लोगों द्वारा कैलाश पासवान और उसके भाइयों के घर पर हमला किए जाने का आरोप है, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए और नौ को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। इसी घटना के बाद पुलिस ने SC/ST एक्ट समेत अन्य धाराओं में 70 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।बिरौल SDPO प्रभाकर तिवारी ने कहा कि पुलिस ने जांच के आधार पर कार्रवाई की है और मामले को जातीय रंग नहीं दिया जाना चाहिए। पुलिस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर रही है।

