नई दिल्ली, 29 सितम्बर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी फिटनेस, शूटिंग शेड्यूल और अनुशासित जीवनशैली के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन हाल ही में उन्होंने अपने पारिवारिक जीवन को लेकर कुछ दिलचस्प बातें साझा कीं। एबीपी न्यूज से बातचीत में अक्षय ने बताया कि उनके घर में अनुशासन का श्रेय उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना को जाता है।

अक्षय ने कहा, “मैं स्ट्रिक्ट नहीं हूं, ये काम मेरी बीवी का है। वह बहुत सीरियस हैं और हम तीनों मुझे, नितारा और आरव को कंट्रोल में रखती हैं। मैं अपने बेटे के लिए एक दोस्त की तरह हूं।”
उन्होंने बेटे आरव को लेकर बताया कि वह इस समय यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं और पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर हैं। अक्षय के अनुसार, “वो ट्विंकल की तरह है, क्योंकि उसे पढ़ना-लिखना पसंद है।”
अक्षय ने ये भी खुलासा किया कि आरव का फिल्मों में आने का कोई इरादा नहीं है। “उसने साफ कह दिया है, पापा मेरे को नहीं आना फिल्मों में,” अक्षय ने कहा। उन्होंने ये भी बताया कि आरव ने उनकी प्रोडक्शन कंपनी में भी दिलचस्पी नहीं दिखाई और वह फैशन डिजाइनिंग में अपना करियर बनाना चाहता है।
अक्षय ने यह भी जोड़ा, “मैं चाहता हूं कि वह फिल्मों में आए, लेकिन मैं उसके फैसले से भी खुश हूं।”
बता दें कि आरव 15 साल की उम्र से लंदन में हैं और लाइमलाइट से दूर रहते आए हैं। वह फैशन डिजाइन का कोर्स कर रहे हैं। अपने बेटे के 23वें जन्मदिन पर अक्षय ने एक भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट भी शेयर किया था जिसमें उन्होंने लिखा, “तुम मुझे अपनी ही कहानी में एक प्राउड साथी की तरह महसूस कराते हो।”

