
समस्तीपुर, 21 जनवरी (पदमाकर सिंह लाला) समस्तीपुर के विद्यापतिनगर स्थित आस्था और संस्कृति की पहचान बालेश्वर स्थान, विद्यापतिधाम उगना महादेव मंदिर के समीप पर्यटक भवन सभागार में भोजपुरी फिल्म “साढ़ू जी नमस्ते” का भव्य प्रमोशन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर भोजपुरी की लता मंगेशकर कही जाने वाली सुप्रसिद्ध गायिका कल्पना पटवारी द्वारा गाए गए फिल्मी गीत “बलम जी का कईला…” का विधिवत लॉन्च भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ यूथ ब्रिगेड के संयोजक पदमाकर सिंह लाला ने नारियल फोड़कर और गणेश पूजा के साथ किया। उन्होंने कहा कि भोजपुरी की सांस्कृतिक विरासत को केंद्र में रखकर बन रही फिल्में दर्शकों को नया और सकारात्मक अनुभव दे रही हैं। फिल्म के अभिनेता व दमदमा गांव निवासी सुजीत सुगना ने बताया कि यह पारिवारिक, भावनात्मक और संदेशपूर्ण फिल्म है, जो भोजपुरी सिनेमा के बदलते स्वरूप को दर्शाती है।अभिनेत्री व मॉडल सपना झा ने कहा कि भोजपुरी सिनेमा को बेवजह बदनाम किया जाता है, जबकि अब गुणवत्तापूर्ण फिल्में बन रही हैं।

निर्देशक रंजीत महापात्रा और निर्माता सुबीर कुमार व यशवंत कुमार ने बताया कि फिल्म अगले महीने 40 थिएटरों में एक साथ रिलीज होगी। प्रमोशन के दौरान कई जिलों से आए सैकड़ों क्रिएटर्स ने गाने पर रील्स बनाकर माहौल को उत्सव में बदल दिया।
















