समस्तीपुर, 02 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सरायरंजन प्रखंड के अख्तियारपुर खेल मैदान में महागठबंधन प्रत्याशी अरविंद सहनी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “अग्निवीर योजना लाकर युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया गया है। यह कोई पक्की नौकरी नहीं, बल्कि अस्थायी रोजगार है।”

अखिलेश यादव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर तेजस्वी यादव के नेतृत्व में हर परिवार को सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि “भारतीय जनता पार्टी इस्तेमाल करने वाली पार्टी है, जो लोगों को इस्तेमाल कर बर्बाद कर देती है।”
उन्होंने कहा कि पलायन की समस्या भाजपा की नीतियों का नतीजा है। “आज सबसे ज्यादा मार माताओं-बहनों को झेलनी पड़ रही है। अब पुराने सोच वालों को रिटायर कर नई सोच और युवा नेता की जरूरत है।”
अखिलेश यादव ने वादा किया कि महागठबंधन की सरकार बनने पर महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह व 200 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी। साथ ही गैस सिलेंडर 500 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने नोटबंदी, जीएसटी और किसानों की आय दुगनी करने के वादे पर भी केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

