समस्तीपुर, 11 सितम्बर (राजेश झा) आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी, 133 समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र, सुश्री शैलजा पांडे ने ताजपुर प्रखंड अंतर्गत अति संवेदनशील बूथों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सुश्री पांडे ने संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के सख्त और पर्याप्त इंतज़ाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी भी प्रकार की बाधा, भय या दबाव से मुक्त माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने सेक्टर अधिकारियों से कहा कि वे नियमित रूप से बूथों का दौरा करें, मतदाताओं से संवाद बनाए रखें और प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। इसके अलावा रिपोर्टिंग व्यवस्था को समयबद्ध और पारदर्शी रखने का भी निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने आगामी चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

