समस्तीपुर, 20 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) बिहार राज्य अनुरक्षक संघ, जिला कमिटी समस्तीपुर के आह्वान पर शनिवार को सैकड़ों की संख्या में अनुरक्षक शहर की सड़कों पर उतरे और समाहरणालय का घेराव किया। चीनी मिल चौक से जुलूस की शुरुआत हुई जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए समाहरणालय तक पहुंचा। घेराव के बाद एक सभा का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता जितेन्द्र कुमार कुशवाहा ने की, जबकि संचालन विष्णुदेव महतो ने किया।

सभा में अनुरक्षकों ने कई मांगें रखीं, जिनमें पंचायती राज विभाग से चयनित अनुरक्षकों को नगर निगम समस्तीपुर में यथावत बनाए रखने, वार्ड पार्षदों द्वारा ताला तोड़वाकर पानी टंकी संचालन पर रोक लगाने और अनुरक्षकों को टंकी की चाबी लौटाने की प्रमुख मांग रही। साथ ही मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के अंतर्गत चयन पत्र उपलब्ध कराने, बकाया मानदेय के भुगतान, नियमितिकरण, व्यक्तिगत बैंक खातों में भुगतान और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की भी मांग उठाई गई।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह युवाओं को रोजगार देने के बजाय नौकरियों से निकाल रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं को बिना कारण बर्खास्त किया जा रहा है और सरकार उनकी सुनवाई के बजाय दमन कर रही है।
जितेन्द्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि नौजवानों में भारी असंतोष है। पटना समेत अन्य जिलों में शिक्षकों, जल मित्रों और अनुरक्षकों की समस्याएं अनसुनी की जा रही हैं। सभा को कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया और संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

