
नई दिल्ली, 22 फरवरी (अशोक “अश्क”) स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत 26 फरवरी को पटना में विशेष “सोलर मेला 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन पटना इलेक्ट्रिक सप्लाई यूनिट (पेसू) की ओर से किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शहर की छतों को ऊर्जा उत्पादन का केंद्र बनाना है। ऊर्जा आडिटोरियम, शास्त्रीनगर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इस मेले में उपभोक्ताओं के लिए ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन, तकनीकी मार्गदर्शन और वित्तीय परामर्श की विशेष व्यवस्था रहेगी। रूफटॉप सोलर सिस्टम की कार्यप्रणाली, लागत, रखरखाव और संभावित बचत पर विशेषज्ञ विस्तृत जानकारी देंगे। “अपनी छत, अपनी बिजली” का संदेश मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा।

मेले में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE), डिस्कॉम और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। प्रमाणित सोलर वेंडर्स अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे, जबकि बैंक प्रतिनिधि आसान ऋण सुविधा की जानकारी देंगे। ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने वालों को विशेष मेला छूट और सरकारी सब्सिडी का लाभ मिलेगा।योजना के तहत एक से दो किलोवाट पर 30,000 रुपये प्रति किलोवाट और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78,000 रुपये तक सब्सिडी का प्रावधान है। कार्यक्रम का उद्घाटन ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव सह सीएमडी, बीएसपीएचसीएल मनोज कुमार सिंह करेंगे।

साथ ही, जिले के उन उपभोक्ताओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने सोलर सिस्टम लगाकर अपना बिजली बिल शून्य कर लिया है। आयोजकों ने नागरिकों से बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी छत को मिनी पावर हाउस बनाने की अपील की है।

