गोपालगंज, 19 सितम्बर (मुन्ना राज) जिले के नगर थाने के चैनपट्टी गांव में शुक्रवार की दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में दंपति के आने से पति की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस हादसे में पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद पति के शव को पुलिस ने सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि पत्नी का इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। मृतक नगर थाने के चैनपट्टी गांव निवासी (60)वर्षीय मदन साह है। जबकि पत्नी (56) वर्षीय सुशीला देवी बताई जा रही है।

घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार मदन अपनी पत्नी के साथ गांव के बाहर खेत में काम करने गए थे। तभी अचानक मौसम खराब हो गया। जोरदार बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। तेज बारिश के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। जिसकी चपेट में दोनों आ गए। ग्रामीण आवाज सुनकर जब मौके पर पहुंचे तो मदन साह बुरी तरह से झुलस गए थे और उनके कपड़े जल रहे थे। ग्रामीण आनन- फानन में दंपति को सदर अस्पताल पहुंचाए जहां डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी सुशीला देवी का इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों द्वारा घायल सुशीला देवी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। जबकि पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वही अन्य मदद के भी आश्वासन दिए है। उनकी मौत के बाद घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

