समस्तीपुर, 29 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक आलू-प्याज कारोबारी से तीन लाख रुपये की लूट की घटना सामने आई है। घटना इमली चौक के पास उस वक्त हुई जब कारोबारी रूपेश कुमार दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, पांच की संख्या में अपराधियों ने रूपेश और उनके एक साथी को घेर लिया। रुपये से भरा बैग छीनने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर अपराधियों ने पिस्तौल के बट से मारकर रूपेश को घायल कर दिया और पैसे लेकर फरार हो गए।
घायल कारोबारी को हसनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। रूपेश ने बताया कि वह प्याज की एक ट्रक का भुगतान करने के लिए रकम लेकर जा रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

