
बक्सर, 8 फरवरी (विक्रांत) बक्सर जिले के दुल्लहपुर गांव में आयोजित सात दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ, सूर्य नारायण प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान एवं धार्मिक आयोजनों का रविवार को भव्य भंडारे के साथ विधिवत समापन हो गया। नव निर्मित सूर्य नारायण मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।दुल्लहपुर में निर्मित जिले के प्रथम सूर्य नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना एवं महायज्ञ मंडप की परिक्रमा को लेकर सातों दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही।
दुल्लहपुर सहित आसपास के गांवों से आए श्रद्धालु भजन-कीर्तन, हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अध्यात्म की सरिता में डुबकी लगाते रहे। यज्ञ स्थल से उठती हवन की सुगंध और भगवान सूर्य के जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय बना रहा।महायज्ञ के दौरान मंदिर और यज्ञ स्थल पर पूजा-अर्चना करने के लिए न सिर्फ आम श्रद्धालु पहुंचे, बल्कि प्रबुद्धजन, राजनीतिक दिग्गज और जनप्रतिनिधियों का भी तांता लगा रहा।

रविवार को आयोजित पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे में भाजपा के बक्सर जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुअन, चक्की के पूर्व जिला पार्षद सोनू सिंह, समाजसेवी सतीश त्रिपाठी सहित दर्जनों गणमान्य लोगों ने भाग लिया और श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया।ग्रामीणों ने श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के सफल आयोजन में जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि एवं पूर्व मुखिया सुनील कुमार सिंह की भूमिका को सराहनीय बताया। आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य सुनील कुमार सिंह ने कहा कि दुल्लहपुर के साथ-साथ बलिहार, मंझवारी, मझरियां और सिमरी गांव के श्रद्धालुओं का सहयोग अविस्मरणीय रहा। उन्होंने बताया कि यज्ञाचार्य श्री प्रपन्नाचार्य जी का भव्य स्वागत किया गया और भावभीनी विदाई दी गई।

इस धार्मिक आयोजन ने न केवल क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी सशक्त संदेश दिया।

