नई दिल्ली, 13 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) इजरायल और हमास के बीच लंबे समय से जारी संघर्ष में एक बड़ी सफलता मिली है। हमास ने रेड क्रॉस के जरिए अपने कब्जे में रखे सात इजरायली बंधकों को रिहा कर दिया है। यह रिहाई मिस्र, कतर और अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम और विनिमय समझौते के तहत हुई है। रिहा किए गए बंधकों में गली और ज़िव बर्मन, मतन एंग्रस्ट, अलोन ओहेल, ओमरी मीरान, एतान मोर और गाय गिल्बोआ-दलाल शामिल हैं। सभी को सुरक्षित रूप से इजरायल पहुंचाया जा चुका है।

इसी बीच, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप एक विशेष मिडिल ईस्ट यात्रा के तहत इजरायल पहुंचे हैं। ट्रंप के आगमन पर तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उनका रेड कारपेट स्वागत किया गया। राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और दोनों नेताओं की पत्नियों ने ट्रंप का भव्य स्वागत किया।
इजरायली वायु सेना और एयर ट्रैफिक कंट्रोल टॉवर ने एयर फोर्स वन के आगमन पर ट्रंप को उनकी “मित्रता और दोनों देशों के बीच अटूट संबंधों” के लिए धन्यवाद दिया। राष्ट्रपति ट्रंप को इजरायल के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाएगा, जिसकी पुष्टि राष्ट्रपति हर्जोग के कार्यालय ने की है।
ट्रंप, येरुशलम में बंधकों के परिवारों से मिलेंगे और नेसेट (इजरायली संसद) के विशेष सत्र को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह मिस्र रवाना होंगे, जहां वे गाजा में शांति को लेकर अन्य देशों के नेताओं से चर्चा करेंगे। यह यात्रा क्षेत्रीय स्थिरता की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

