
बक्सर, 16 जनवरी (विक्रांत) “एक करोड़ रोजगार दो, बेरोजगारी भत्ता लागू करो, प्राइवेट सेक्टर में आरक्षण दो”—जैसे तेवरदार नारों के साथ इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) ने बिहार भर में नौजवानों को गोलबंद कर पटना कूच का ऐलान किया है। इसी क्रम में डुमरांव में आरवाईए बक्सर जिला कमिटी की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत कुशवाहा सहित जिले भर के युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड अजीत कुमार सिंह ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों ने देश के नौजवानों को तबाही की कगार पर पहुंचा दिया है, जिसकी सबसे ज्यादा मार बिहार के युवाओं पर पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग के जरिए सरकारी और निजी संस्थानों में बिना आरक्षण और न्यूनतम मजदूरी के भर्ती की जा रही है। आवाज उठाने वाले युवाओं को जेल में डाला जा रहा है, जबकि उमर-शरजील जैसे लोग वर्षों से बिना ट्रायल जेल में बंद हैं।भाकपा माले जिला सचिव नवीन कुमार ने कहा कि मौजूदा हमलों का सबसे मजबूत जवाब नौजवान ही दे सकते हैं।

वहीं जिला संयोजक राजदेव सिंह ने एनडीए सरकार को याद दिलाया कि एक करोड़ रोजगार का वादा अब तक जुमला साबित हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।बैठक में बाबूलाल राम, रविरंजन सिंह, रिंकू कुरैशी समेत कई युवा नेता मौजूद रहे।

