समस्तीपुर, 22 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) रेलवे स्टेशन के पास से शराब कारोबारी के अपहरण और मारपीट के एक वर्ष पुराने मामले में नगर थाना पुलिस ने एक वांटेड अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी धर्मेंद्र महतो के पुत्र हरेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, हरेंद्र कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर आरोप है कि उसने वैशाली जिले के महिसौर थाना क्षेत्र के शराब कारोबारी मुकेश कुमार सहनी को स्टेशन स्थित टेम्पू स्टैंड से जबरन अगवा कर गंभीर रूप से घायल किया था। इस मामले में पीड़ित ने अन्य छह लोगों को भी आरोपित किया था, जिनमें लाल बाबू मुखिया, मो. शकील, प्रिंस, मो. ताज और अश्वनी साव शामिल हैं।
नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर हरेंद्र की गिरफ्तारी की गई। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उसके विरुद्ध मुसरीघरारी थाना में भी दो अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।

