बक्सर, 25 सितंबर (विक्रांत) वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई डुमरांव स्थित डी.के. कॉलेज में गुरुवार को एनएसएस दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या प्रो. वीणा कुमारी और हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. उषा रानी ने एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार यादव को विश्वविद्यालय द्वारा प्रदत्त “सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम पदाधिकारी 2025” पुरस्कार के अंतर्गत प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

प्राचार्या प्रो. वीणा कुमारी ने डॉ. यादव की शिक्षण शैली और विद्वता की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संयोगवश, यह दिन कॉलेज के लिए विशेष रहा क्योंकि यह प्राचार्या का अवतरण दिवस भी था।

कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य डॉ. राजू मोची, डॉ. शशि भूषण, सिनेट सदस्य डॉ. बिनोद कुमार सिंह सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे।
सम्मान पाकर भावुक हुए डॉ. यादव ने कहा कि यह दिन उनके लिए गौरवपूर्ण है और विश्वविद्यालय द्वारा मिला यह सम्मान उन्हें आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।

