समस्तीपुर, 25 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में जनसुराज पार्टी ने समस्तीपुर जिले के उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। पार्टी के संभावित विधायक प्रत्याशी राजू सहनी ने गुरुवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ हरपुर रेवाड़ी, डढिया मुरियारो, अंगारघाट, चैता उतरी और चैता दक्षिणी सहित कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को जनसुराज पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराया।

राजू सहनी ने बताया कि यह अभियान जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के निर्देशन में चल रहे “बिहार बदलाव यात्रा” का हिस्सा है, जिसके तहत छह दिवसीय जनसंपर्क और जनसंवाद कार्यक्रम चलाया गया। उन्होंने जनता से संवाद करते हुए कहा कि बिहार का असली विकास तभी संभव है जब हर घर में शिक्षा की अलख जगे। “घर-घर स्कूल का बस्ता, तभी होगा विकास सच्चा,” उन्होंने यह संदेश देकर शिक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।पत्रकारों से बातचीत में सहनी ने पार्टी के प्रमुख वादों का ज़िक्र करते हुए कहा कि युवाओं का पलायन रोकना, 15 साल तक के बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा, बुजुर्गों को ₹2000 मासिक पेंशन, किसानों की आय में वृद्धि और महिलाओं को सस्ती दर पर ऋण उपलब्ध कराना पार्टी के मुख्य उद्देश्य हैं।इस जनसंपर्क अभियान में विधानसभा प्रभारी श्याम गिरी, मंडल अध्यक्ष पप्पु गुप्ता, प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुशवाहा, सहनवाज, संयोजक लक्ष्मण सहनी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

