नई दिल्ली, 9 सितंबर (अशोक “अश्क”) जापान अपनी उन्नत तकनीक, अनोखी खोजों और चौंकाने वाली सेवाओं के लिए दुनियाभर में मशहूर है। एक बार फिर जापान ने अपनी अनोखी सोच से सभी को चौंका दिया है। इस बार चर्चा का विषय है “किराए पर डरावने दिखने वाले लोग”, जो आपका झगड़ा या विवाद चुटकियों में सुलझा देंगे।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, जापान की एक कंपनी Rental Kowaihito (जापानी में अर्थ – डरावना व्यक्ति किराए पर) ने यह नई सर्विस शुरू की है। इस सेवा के तहत कंपनी ऐसे लोग उपलब्ध कराती है जो दिखने में खौफनाक होते हैं जैसे गंजे सिर, भारी शरीर, बड़े-बड़े टैटू और डरावना लुक। इन्हें देखकर सामने वाला व्यक्ति अक्सर झगड़ा करने का इरादा ही छोड़ देता है।
कंपनी का दावा है कि ये ‘लीगल गुंडे’ पूरी तरह से कानून के दायरे में काम करते हैं। वे ना तो किसी से हाथापाई करते हैं, न ही गैरकानूनी धमकी देते हैं। बस उनका डरावना हुलिया और गंभीर रवैया ही काफी होता है सामने वाले को शांत करने के लिए।
क्लाइंट के अनुसार, इन्हें पड़ोसियों के झगड़े निपटाने, ऑफिस में बदतमीज कर्मचारियों को सबक सिखाने, बॉस से रुकी सैलरी दिलवाने या बेवफा पार्टनर को सुधरवाने जैसे मामलों में बुलाया जाता है। कंपनी के अनुसार, 30 मिनट की सेवा के लिए ग्राहक को 20,000 येन (लगभग 12,000 रुपये) देने होते हैं, जबकि 3 घंटे की सेवा का शुल्क करीब 30,000 रुपये है। अगर क्लाइंट किसी और शहर से है तो ट्रैवलिंग खर्च अतिरिक्त देना होता है।
इस अजीबोगरीब सेवा पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी उतनी ही दिलचस्प हैं। एक यूजर ने लिखा,”यह सर्विस बहुत फायदेमंद है, खासकर उन लोगों के लिए जो खुद को कमजोर समझते हैं।” एक अन्य ने टिप्पणी की, “यह तो बहुत काम की चीज़ है, जब कोई आपकी बात ना सुने तो यह तरीका अपनाना चाहिए।” हालांकि, एक ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “अगर दोनों ही पक्ष किराए पर डरावने लोग बुला लें तो क्या होगा?”
जापान की यह पहल दिखाती है कि कैसे समस्या का समाधान अलग सोच और अनोखे दृष्टिकोण से भी किया जा सकता है। हालांकि यह सेवा अजीब लग सकती है, लेकिन वहां यह काफ़ी लोकप्रिय हो रही है और लोग इसे एक व्यावसायिक अवसर के रूप में भी देख रहे हैं।

