
औरंगाबाद,संवाददाता। बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ युद्ध स्तर पर अभियान चलाएं जा रहे है। इस अभियान के तहत बिहार एसटीएफ की विशेष टीम व औरंगाबाद जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 950 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तकरीबन दो करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, बिहार एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के बाजार वर्मा इलाके में बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद सोमवार की रात को एसटीएफ की विशेष टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर चार आरोपितों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों में आतिक कुमार,आशुतोष कुमार, सिद्धू पासवान और गुड्डू कुमार शामिल है। गिरफ्तार सभी औरंगाबाद जिले के बाजार बरमा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। छापेमारी में उक्त सामान बरामद हुए है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 950 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा एक चारपहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 8,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में गोह थाना पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजने तथा अन्य आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसटीएफ व जिला पुलिस संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
















