
समस्तीपुर, 24 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती मंगलवार को उनके पैतृक गांव कर्पूरी ग्राम स्थित स्मृति भवन में समारोहपूर्वक मनाई गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई दिग्गज नेताओं ने स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पैतृक आवास, जिसे अब स्मृति भवन का नाम दिया गया है, वहां सुबह से ही श्रद्धालुओं और नेताओं का तांता लगा रहा।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से कर्पूरी ग्राम पहुंचे।

कॉलेज परिसर में बने हेलीपैड पर उनके आगमन के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई थी। मुख्यमंत्री के साथ संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, कर्पूरी ठाकुर के पुत्र एवं केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, विधायक महेश्वर हजारी भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने स्मृति भवन में स्थापित जननायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान रामनाथ ठाकुर द्वारा रचित दो पुस्तकों का विधिवत विमोचन भी किया गया।जयंती समारोह में विधायक वीरेंद्र कुमार, राजेश कुमार सिंह, अश्वमेध देवी, मंजरिक मृणाल, पूर्व विधायक अशोक कुमार मुन्ना, दुर्गा प्रसाद सिंह, नगर निगम के उपमेयर रामबालक पासवान, भाजपा नेता राम सुमिरन सिंह, बनारसी ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कर्पूरी ठाकुर द्वारा स्थापित कॉलेज परिसर में स्थित जननायक की प्रतिमा और त्रिमूर्ति भवन में भी माल्यार्पण किया।

मीडिया को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जन-जन के नेता थे। उन्होंने सामाजिक न्याय और पिछड़ों के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। इसी योगदान के कारण केंद्र सरकार ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया है। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को उनकी जयंती पूरे बिहार में राजकीय सम्मान के साथ मनाई जाती है।स्मृति भवन परिसर में आयोजित संगोष्ठी का संचालन उपमेयर रामबालक पासवान ने किया। वक्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के सादगीपूर्ण जीवन, संघर्ष और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वे झोपड़ी के लाल थे, जिन्होंने गरीबी में रहते हुए भी सत्ता को जनसेवा का माध्यम बनाया। उनके विचार और पुस्तकें आज भी राजनीति को दिशा दे रही हैं।

