बक्सर, 18 दिसम्बर (विक्रांत) जिले में रोज़गार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बुधवार का दिन उम्मीदों की नई किरण लेकर आया, जब जीविका प्रखंड बक्सर सदर द्वारा क़िला मैदान परिसर में भव्य रोज़गार-सह-मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक बदलाव की मिसाल बन चुकी जीविका ने इस बार युवाओं को रोज़गार से जोड़ने का बड़ा कदम उठाया।दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत आयोजित इस मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिलाधिकारी श्रीमती निहारिका छवि एवं जिला परियोजना प्रबंधक श्री दयानिधि चौबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मेले में 15 नामी कंपनियों ने स्टाल लगाए, जहां कुल 909 युवाओं ने पंजीकरण कराया। इनमें से 220 युवाओं का प्राथमिक चयन मौके पर ही कर लिया गया, जबकि 285 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। इसके अतिरिक्त 210 युवाओं ने स्वरोज़गार एवं प्रशिक्षण योजनाओं के लिए नामांकन किया।उप विकास आयुक्त ने कहा कि जीविका ने महिलाओं के साथ-साथ अब युवाओं के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाना शुरू कर दिया है। उन्होंने युवाओं से सरकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठाने की अपील की और एक प्रेरक कविता सुनाकर माहौल को उत्साह से भर दिया।जिला परियोजना प्रबंधक ने बताया कि जीविका से जुड़े परिवारों की आय बढ़ाने हेतु कौशल विकास और रोज़गार के निरंतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मेले में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जीविका कर्मी, दीदियां और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

