नालंदा, 18 दिसम्बर (अविनाश पांडेय) नालंदा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने खुलासा किया कि गिरोहों की आपसी रंजिश के चलते झारखंड के जमशेदपुर का एक इंटरेस्टेड गैंग नालंदा से हथियार और कारतूस की खरीददारी कर रहा था।

इस सनसनीखेज ऑपरेशन में पुलिस ने पांच पिस्टल, 11 मैग्जीन, AK-47 की 153 गोलियां, छह एंड्रॉयड मोबाइल, एक स्कॉर्पियो वाहन और 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी की गई है।एसपी ने बताया कि कुख्यात हथियार तस्कर परवेज आलम पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। 17 दिसंबर को पटना एसटीएफ से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर बिहारशरीफ के सोहन कुआं स्थित मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की गई, जहां फर्स्ट फ्लोर से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए।गिरफ्तार आरोपियों में नगर थाना क्षेत्र के परवेज आलम सहित पूर्वी चंपारण के जियारजई, मोहम्मद मेहबूब उर्फ टिंकू, जाहिद हुसैन और सौरभ झा शामिल हैं। परवेज का आपराधिक इतिहास 2013 से पाया गया है, जबकि अन्य की जांच जारी है।एसपी ने कहा कि मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। AK-47 कारतूस मिलने की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को दी जाएगी। गिरोह के फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंकेज की जांच तेज कर दी गई है और जल्द और गिरफ्तारियां संभव हैं।

