
समस्तीपुर, 23 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) जिले के प्रख्यात आपराधिक अधिवक्ता परमेश्वर सिंह का काशीपुर स्थित आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे समस्तीपुर में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। अंतिम संस्कार सिंधिया प्रखंड के पैतृक गांव मिल्कि में किया गया, जहां ज्येष्ठ पुत्र ने मुखाग्नि दी।

जिले में परमेश्वर बाबू की अलग पहचान थी। आपराधिक मामलों के माहिर माने जाने वाले परमेश्वर सिंह को गरीबों और पीड़ितों का मसीहा कहा जाता था। आम धारणा थी कि जिस केस की पैरवी वे कर लें, उसकी जीत लगभग तय मानी जाती थी। रोसड़ा और समस्तीपुर जेल में भी उनके निधन की खबर से कैदियों के बीच शोक देखा गया।वे अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

सिंधिया प्रखंड के हरदिया पंचायत में उनके परिवार का लंबे समय तक प्रभाव रहा। कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

