नई दिल्ली, 10 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) कार्तिक आर्यन की बहुचर्चित फिल्म ‘दोस्ताना 2’ एक बार फिर सुर्खियों में है। इस प्रोजेक्ट की घोषणा के बाद से अब तक इसमें कई उतार-चढ़ाव देखे गए हैं, जिसके चलते फिल्म की शूटिंग में लगातार देरी हो रही है। अब इस फिल्म को लेकर एक नई कास्टिंग अपडेट सामने आई है। टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार, ‘लापता लेडीज’ फेम प्रतिभा रांटा को फिल्म में फीमेल लीड के लिए अप्रोच किया गया है। प्रतिभा से रोल को लेकर बातचीत चल रही है, हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिल्म की शुरुआत में कार्तिक आर्यन, जाह्नवी कपूर और लक्ष्य त्रिपाठी की तिकड़ी को कास्ट किया गया था। लेकिन बाद में कार्तिक और करण जौहर के बीच मतभेदों की खबरें सामने आईं, जिसके बाद कार्तिक को फिल्म से बाहर कर दिया गया। साल 2021 में धर्मा प्रोडक्शंस ने एक बयान जारी करते हुए कहा था कि फिल्म को फिर से कास्ट किया जाएगा। अब विक्रांत मैसी और लक्ष्य इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं, जबकि जाह्नवी भी अपने पहले से तय कमिटमेंट्स के चलते अब फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।

विक्रांत मैसी ने हाल ही में खुलासा किया कि ‘दोस्ताना 2’ अब वाकई में बन रही है और यह धर्मा प्रोडक्शंस के साथ उनकी पहली फिल्म होगी। वहीं, लक्ष्य, जिन्हें धर्मा ने 2019 में लॉन्च किया था, इस फिल्म से अपना बहुप्रतीक्षित डेब्यू कर सकते हैं।
विवादों पर बात करते हुए कार्तिक आर्यन ने लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में कहा, “वो बहुत पुरानी बात हो गई। कई बार मिसकम्युनिकेशन होता है और चीजें आउट ऑफ प्रपोर्शन भी हो जाती हैं। मैं तब भी साइलेंट था और अब भी हूं। मैं बस अपने काम पर ध्यान देता हूं।”
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या प्रतिभा रांटा ‘दोस्ताना 2’ से बॉलीवुड में एक नई पहचान बना पाती हैं। फिलहाल फैंस फिल्म के नए कास्ट और रिलीज की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।

