समस्तीपुर, 5अक्तूबर (निज संवाददाता) जिले के नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर स्थित तिरहुत अकादमी के सामने रविवार की सुबह एक मकान से युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया तो पता चला कि हत्या आंख में गोली मारकर की गई है. जानकारी के अनुसार, जिस मकान में शव मिला वहां और भी छात्र किरायेदार के रूप में रहते हैं.

जब पुलिस वहां पहुंची तो कोई मौजूद नहीं था और सभी ने अपने कमरे में ताला लगा रखा था. मकान मालिक भी बाहर ही थे. सदर डीएसपी ने बताया कि मृतक युवक की पहचान खानपुर, समस्तीपुर निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है. वह समस्तीपुर में किराए के मकान में रहकर नौकरी की तैयारी कर रहे थे और अपने कमरे में एक रूम पार्टनर के साथ रहते थे. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी विवाद के दौरान रूम पार्टनर ने ही गोली मारकर हत्या की है. शव को देखकर लगता है कि मृतक ने हत्या से पहले प्रतिरोध भी किया. घटना स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाया गया और साक्ष्यों का संग्रह किया गया. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. उनके पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. घटना स्थल रिहायशी इलाका है और आसपास कई कोचिंग संस्थान और पीजी हैं, जहां छात्र पढ़ाई और नौकरी की तैयारी करते हैं. घटना के बाद पुलिस रूम पार्टनर की तलाश में जुटी है, जो फिलहाल फरार है. सदर एसडीपीओ-1 एवं ASP संजय कुमार पांडेय ने का निरीक्षण किया. पूरे इलाके में चर्चा और सनसनी फैल गई है, और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है. इस घटना ने समस्तीपुर के नागरिकों में चिंता और भय का माहौल पैदा कर दिया है.

