
समस्तीपुर, 12 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) बिहार राज्य किसान सभा के राज्यव्यापी आह्वान पर सोमवार को समस्तीपुर में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। दर्जनों किसान बंगाली टोला स्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला कार्यालय से नारेबाजी करते हुए जिला समाहरणालय पहुंचे, जहां प्रदर्शन सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता शंकर राय ने की।सभा को संबोधित करते हुए किसान सभा के राज्य महासचिव रामचंद्र महतो, गजेंद्र प्रसाद चौधरी, जय कृष्ण दत्त और भाकपा जिला सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह ‘मुन्ना’ ने केंद्र और राज्य सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। नेताओं ने सहकारिता मंत्री द्वारा धान खरीद के बजाय खेती छोड़ने की सलाह दिए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए तीखी नाराजगी जताई।

किसानों ने 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन जिला पदाधिकारी को सौंपा। इसमें किसानों की कर्ज माफी, निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान की खरीद, फसल बीमा लागू करने, खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने और रोसड़ा सीओ के भ्रष्टाचार की जांच कर कार्रवाई की मांग प्रमुख रही। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान नेता शामिल रहे।

