हैदराबाद, 30 अगस्त (अंकिता राय) भारत राष्ट्र समिति के कार्याध्यक्ष के. टी. रामाराव (KTR) ने कांग्रेस सरकार पर राज्य के बढ़ते ऋण बोझ को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह करने का काम कर रही है, क्योंकि वह बार-बार यह दावा कर रही है कि पिछली सरकार के कार्यकाल में अत्यधिक कर्ज़ लिया गया। के. टी. आर. के अनुसार, वास्तविकता यह है कि मौजूदा शासनकाल में राज्य का ऋण बोझ बहुत तेज़ी से बढ़ा है।

KTR ने कहा, “कांग्रेस सरकार कर्ज़ के आंकड़ों और इसके ब्याज भुगतान की स्थिति को छिपाकर किसानों और आम जनता को भ्रमित कर रही है।” उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यही स्थिति रही तो राज्य की आर्थिक स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। इसके साथ ही KTR ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह ऋण से संबंधित सभी आधिकारिक आँकड़े सार्वजनिक करे ताकि वित्तीय पारदर्शिता को सुनिश्चित किया जा सके।
BRS कार्याध्यक्ष ने यह भी कहा कि पिछली BRS सरकार ने कर्ज़ का उपयोग राज्य के विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं में किया था। जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार उस धन का सही उपयोग करने में विफल रही है। KTR ने आरोप लगाया कि यह सरकार गलत दिशा में जा रही है और इससे राज्य की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ेगा।

