
पटना, 05 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मोतिहारी शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पतौरा गांव में जाली नोट छापने की सूचना पर रविवार देर शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। खंडहरनुमा मकान में हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने नोट छापने की मशीन, नोट गिनने की मशीन और बड़ी संख्या में पांच सौ रुपये के अधछपे जाली नोट बरामद किए।कार्रवाई में कई थानों की पुलिस तथा वरीय अधिकारी शामिल थे।

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान जाली नोटों की तस्करी से जुड़े कुछ लोगों को डिटेन किया गया है।इनमें एक महिला भी शामिल है।सभी से पूछताछ की जा रही है, हालांकि पुलिस ने अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।सूत्र बताते हैं कि हालिया दिनों में नेपाल में भारतीय जाली नोट के साथ तस्कर पकड़े गए थे।

पूछताछ में पतौरा गांव में सक्रिय जाली नोट सिंडिकेट की जानकारी मिली, जिसके बाद डीएसपी के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई।बताया जाता है कि जिले में पहले भी कई बार जाली नोटों की खेप पकड़ी जा चुकी है।2024 में बंजरिया थाना क्षेत्र की जांच एनआईए कर रही है।

