शिवहर, 25 सितम्बर (निज संवाददाता) जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के छतौनी वार्ड-05 के सरेह में गुरुवार की दोपहर वृद्ध महिला का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की छितौनी वार्ड नंबर 05 की निवासी रामजस राम की (65) वर्षीय पत्नी चम्पा देवी है।

मिली जानकारी के अनुसार,चम्पा देवी मंगलवार रात से ही लापता थीं। परिजनों का कहना है कि रात करीब 11 बजे के बाद वे अचानक घर से गायब हो गईं, जिसके बाद लगातार उनकी तलाश की जा रही थी। गुरुवार सुबह करीब 12 बजे ग्रामीणों ने खेत में एक शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान चम्पा देवी के रूप में की।

मृतका के पति रामजस राम ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पत्नी की साजिशन हत्या कर दी गई है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों ने हत्या के बाद तेज़ाब डालकर शव को विकृत करने की कोशिश की और खेत में फेंक दिया। मृतका की बहू सीमा कुमारी ने भी यही आरोप दोहराया और कहा कि यह मामला सीधी हत्या का है। घटना की जानकारी मिलते ही तरियानी थानाध्यक्ष विनय प्रसाद अवर निरीक्षक शिबू कुमारी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गए।वही एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल किया। मौके से कई सैम्पल प्रयोगशाला में जांच के लिए ले गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के लापता होने की कोई जानकारी पहले थाना को नहीं दी गई थी। गुरुवार दोपहर खेत में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस को जानकारी हुई है।फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू पर जांच किया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस सनसनीखेज घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

