सीतामढ़ी, 1 सितम्बर (अशोक “अश्क”) जिले के परिहार में गणपति पूजा के दौरान माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब पंडाल में मारपीट और कथित फायरिंग की घटना सामने आई। इस घटना में परिहार की विधायक गायत्री देवी और उनके पति पूर्व विधायक रामनरेश यादव बाल-बाल बच गए।

घटना रविवार रात बाबा परिहार ठाकुर मंदिर परिसर में आयोजित गणपति पूजा पंडाल की है, जहां जागरण कार्यक्रम चल रहा था। विधायक और उनके पति कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, शाम को पूजा समिति के सदस्यों और कुछ स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसे उस वक्त शांत करा लिया गया। लेकिन रात में उद्घाटन के बाद जब विधायक और अन्य लोग पंडाल से बाहर निकल रहे थे, तभी किसी ने फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन पंडाल में अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद फायरिंग करने वाले युवक और उसके साथियों ने पूजा समिति के सचिव प्रीतम कुमार प्यारे की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पूर्व विधायक रामनरेश यादव को भी बीच-बचाव में हल्की चोटें आई। दोनों को *स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
पूर्व विधायक यादव ने आरोप लगाया कि यह हमला बाहरी लोगों द्वारा किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिहार और बेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और एसडीपीओ आशीष आनंद ने भी अस्पताल पहुंचकर विधायक व पूर्व विधायक से पूछताछ की।
एसडीपीओ ने कहा कि गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बाहरी लोगों और पूजा समिति के बीच मारपीट में एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, और आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

