समस्तीपुर, 14 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्लोचक गांव में शनिवार को दो गुटों के युवकों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक बदमाश युवक द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने से पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग दहशत में आ गए, लेकिन साहस दिखाते हुए ग्रामीणों ने भाग रहे बदमाश को खदेड़कर दबोच लिया। इसके बाद लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गोलीबारी की घटना को अंजाम देने वाले युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार कर थाने ले गई। गिरफ्तार बदमाश की पहचान बल्लोचक मोहल्ला निवासी कृष्णा सिंह के रूप में की गई है।इस संबंध में दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार युवक कृष्णा सिंह के एक दोस्त का पांड़ गांव में एक युवक के साथ पूर्व में मारपीट हुई थी। हालांकि उस घटना की सूचना किसी भी पक्ष ने थाने को नहीं दी थी। उसी विवाद के प्रतिशोध में कृष्णा सिंह द्वारा छोटू कुमार के घर पर हवाई फायरिंग की गई।पुलिस ने आरोपी के पास से एक हथियार भी बरामद किया है। फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में है।

