
पटना, 11 फरवरी अविनाश कुमार) बुधवार सुबह राजधानी पटना गोलियों की आवाज से दहल उठी। गायघाट पुल के नीचे बिहार एसटीएफ और आलमगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में एनएमसीएच में भर्ती कराया गया।नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि सूर्या रंगदारी वसूलने के इरादे से इलाके में आने वाला है। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। करीब तीन राउंड गोली चली, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी और वह गिर पड़ा।मौके से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद हुआ है।

फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। सूर्या पर लूट, डकैती, अवैध हथियार, शराब तस्करी समेत दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।2026 में यह बिहार पुलिस का पांचवां एनकाउंटर है। राजधानी में बढ़ती STF की सक्रियता से अपराधियों में हड़कंप मचा है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और साथियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

