
गोपालगंज, 25 (निज संवाददाता) जिले में शहर सहित ग्रामीण इलाकों में भी गुरुवार को आज तुलसी पूजन दिवस श्रद्धा,भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर घर-घर में तुलसी के पौधों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और विधिवत पूजा-अर्चना की गई। हिंदू धर्म में तुलसी को केवल एक पौधा नहीं,बल्कि ‘तुलसी मां’ के रूप में पूजनीय माना जाता है, जिसकी झलक आज पूरे जिले में देखने को मिली।

सुबह से ही महिलाओं में तुलसी पूजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। स्नान-ध्यान के बाद महिलाओं ने अपने घरों के आंगन में स्थापित तुलसी पौधों को जल अर्पित किया, चुनरी ओढ़ाई तथा रोली-अक्षत से तिलक लगाकर विधिपूर्वक पूजा की। घी के दीपक, अगरबत्ती और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूजा के दौरान महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जिस घर में नियमित रूप से तुलसी की सेवा की जाती है, वहां सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है और नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है।

तुलसी को आयुर्वेद में भी एक महत्वपूर्ण औषधि माना गया है, जो वातावरण को शुद्ध करने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।पूजन के उपरांत महिलाओं ने विशेष रूप से युवा पीढ़ी से अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति के अंधानुकरण के बजाय भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजना समय की आवश्यकता है।जिलावासियों ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में भी तुलसी पूजन दिवस को इसी श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस महान परंपरा को जीवंत रख सकें। इस आयोजन ने समाज में एकता, सात्विकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया।

