
बेतिया, 25 दिसम्बर (निज संवाददाता) भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम आज बेतिया में देखने को मिला। शहर के जनता सिनेमा चौक पर संस्कार भारती के तत्वावधान में तुलसी पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में बेतिया की विधायक रेनू देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर में कम से कम एक तुलसी का पौधा अवश्य होना चाहिए,क्योंकि तुलसी केवल एक औषधीय पौधा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा की महत्वपूर्ण कड़ी है।

विधायक ने कहा कि भारतीय परंपरा में तुलसी को माता का दर्जा प्राप्त है। आयुर्वेद के अनुसार तुलसी में अनेक रोगों से लड़ने की अद्भुत क्षमता होती है। उन्होंने चिंता जताई कि आधुनिक जीवनशैली के कारण आज कई घरों से तुलसी का पौधा गायब होता जा रहा है,जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हम सभी को अपनी संस्कृति और स्वास्थ्य दोनों का ध्यान रखना चाहिए। हर घर में तुलसी का पौधा हो, यही हमारा संकल्प होना चाहिए। उक्त कार्यक्रम भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिवस एवं तुलसी पूजन दिवस के पावन अवसर पर आयोजित किया गया था। जहां बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया और तुलसी का पौधा प्राप्त कर उसे अपने घर में लगाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर विधायक ने कहा किकुल मिलाकर यह आयोजन न केवल श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की एक प्रेरणादायक पहल भी है।

