पटना, 09 नवम्बर (पटना डेस्क) वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के चकमुबारक गांव में कथित गौमांस कारोबार को लेकर शनिवार को हिंसा भड़क उठी। आक्रोशित लोगों ने नट समुदाय के लगभग एक दर्जन घरों में आग लगा दी। घटना में कई घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही लालगंज, वैशाली और भगवानपुर थाने की पुलिस दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

गांव में मुस्लिम नट समुदाय के कुछ लोगों पर चोरी-छिपे गौमांस और भैंस के मांस का व्यापार करने का आरोप है। शनिवार दोपहर एक व्यक्ति बाइक पर मांस ले जा रहा था, जिसे ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की। वह भागने लगा, लेकिन युवकों ने पीछा कर उसे घेर लिया। बाइक छोड़कर भागने के बाद जब बोरी की तलाशी ली गई तो उसमें छोटे-छोटे थैलों में कथित गौमांस भरा मिला।
इसके बाद भीड़ ने बाइक में आग लगा दी और पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों का गुस्सा भड़क गया। आक्रोशित भीड़ ने नट समुदाय के झोपड़ीनुमा घरों को आग के हवाले कर दिया। घरवाले किसी तरह जान बचाकर भाग निकले, लेकिन घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। तीन सिलेंडर फटने से आग तेजी से फैली और करीब एक दर्जन घर इसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन को इस अवैध कारोबार की जानकारी पहले से थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

