गोपालगंज, 13 दिसम्बर (निज संवाददाता) जिले में देर रात अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। नगर थाना क्षेत्र के खैरटिया गांव में शुक्रवार की देर शाम बदमाशों ने 15 वर्षीय किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक चंदन प्रसाद का 15 वर्षीय पुत्र आलोक बिन है।

जानकारी के अनुसार आलोक अपने घर के बैठा था। इसी दौरान बाइक पर सवार हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी कहासुनी के देसी कट्टा निकालकर उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही आलोक जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ऑटो चालक हैं और परिवार का उसी से भरण-पोषण करते हैं। परिजनों ने बताया कि किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच छानबीन में जुट गई। एसपी अवधेश दीक्षित के ने सदर एसडीपीओ प्रांजल व नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है,वहीं टेक्निकल सेल की मदद से बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। गौरतलब है कि जिले में हाल के दिनों में गोलीकांड की घटनाओं में इजाफा हुआ है। कभी जमीन विवाद तो कभी आपसी रंजिश में फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से आम लोगों में भय का माहौल है।

