बांका, 10 सितम्बर (अशोक “अश्क”) जिले के अमरपुर प्रखंड के मादाचक गांव स्थित चांदन नदी में रविवार को एक अजीबोगरीब घटना ने सभी को चौंका दिया। रोज की तरह मछली पकड़ने गए मछुआरों के जाल में मछली की जगह एक विशाल अजगर फंस गया।

मछुआरे जब जाल में असामान्य भारीपन महसूस करने लगे तो उन्हें लगा कि कोई बड़ी मछली जाल में फंसी है। वे उत्साहित होकर जैसे ही जाल बाहर खींचने लगे, उनकी आंखें फटी की फटी रह गई। दरअसल, जाल में कोई मछली नहीं बल्कि एक विशालकाय अजगर निकला, जिसे देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई।
अजगर को देखकर स्थानीय लोग घबरा गए और नदी किनारे भीड़ जमा हो गई। तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर को जाल से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लिया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अजगर को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि नदी के पास के इलाकों में वन्यजीवों की हलचल सामान्य है, लेकिन नदी में इस तरह अजगर का आना असाधारण घटना है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग की तत्परता की सराहना की और राहत की सांस ली।

