गोपालगंज, 8 अक्तूबर (निज संवाददाता) आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की तैयारियों के तहत, बुधवार को नगर थानाध्यक्ष परवीन प्रभाकर की नेतृत्व में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की बटालियन के साथ शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च के माध्यम से आम जनता में सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया कि आगामी विधान सभा चुनाव में मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सके।

दरअसल फ्लैग मार्च नगर थाने से निकल कर शहर के विभिन्न मार्गों से घूमते हुए पुलिस लाइन्स पहुंचा। इस दौरान सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस बल के जवानों ने पूर्ण मुस्तैदी के साथ शहर के मुख्य और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण किया। फ्लैग मार्च की शुरुआत थाना चौक से हुई और यह मौनिया चौक पोस्ट ऑफिस,अम्बेडकर चौक,कौशल्या चौक,जंगलिया मोहल्ला पुरानी चौक के घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर समापन हुआ। इस दौरान, पुलिस अधिकारियों ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अशांति या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। सीआरपीएफ की तैनाती और फ्लैग मार्च जैसे कदम यह सुनिश्चित करते हैं कि मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी हो। चुनाव तक शहर में लगातार गश्त और पेट्रोलिंग जारी रहेगी ताकि कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में रहे।

