समस्तीपुर, 8 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) विधानसभा आम चुनाव को लेकर जिला पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एसपी अरविंद प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मासिक क्राइम मीटिंग सह निर्देशात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

एसपी ने निर्देश दिया कि चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाए। सभी थानों को क्षेत्र में राजनीतिक बैनर, पोस्टर, झंडे और होर्डिंग्स तत्काल हटवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेताया कि लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
चुनाव के मद्देनजर जिले में 30 स्थायी चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जिनकी संख्या आवश्यकता अनुसार बढ़ाई जाएगी। सीमावर्ती थानों को शराब तस्करी पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक 128 लोगों पर सीसीए और 10,238 लोगों पर बीएनएसएस की धारा 135 के तहत कार्रवाई हुई है।
जिले को 20 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बल मिल चुकी है, जबकि 20 अन्य कंपनियां शीघ्र मिलेंगी। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और सख्ती बरतने को कहा गया।
एसपी ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए फ्लैग मार्च और संयुक्त छापेमारी के आदेश दिए हैं।

