समस्तीपुर, 12 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने समस्तीपुर कॉलेज स्थित इवीएम कमिशनिंग एवं डिस्पैच सेंटर का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कमिशनिंग कार्य, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, पोलिंग पार्टी वितरण, वाहन व्यवस्था और लॉजिस्टिक प्रबंधन की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी तैयारियाँ तय मानक और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप हों। उन्होंने स्पष्ट किया, “पोलिंग पार्टियां अंधेरा होने से पूर्व बूथ तक पहुंचें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”

समस्तीपुर कॉलेज सेंटर से 131 कल्याणपुर, 132 वारिसनगर व 133 समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए डिस्पैच की प्रक्रिया संचालित हो रही है। डीएम ने शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान के निर्देश दिए।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और चरणबद्ध सुरक्षा बल तैनाती सुनिश्चित की जा रही है ताकि मतदाता निर्भय होकर मतदान करें।
निरीक्षण में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा निर्वाचन कर्मी उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद डीएम दलसिंहसराय सेंटर के लिए रवाना हुए।

