समस्तीपुर, 5 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव के कारण किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गाड़ी पकड़ने के डर से व्यापारी सब्जी मंडी नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे सब्जियों की कीमतें धराम हो गई हैं और क्षेत्रीय किसान आर्थिक रूप से बर्बाद हो रहे हैं।

किसानों की शिकायत पर गुरूवार को अखिल भारतीय किसान महासभा के मनोज कुमार सिंह, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह एवं सुबोध कुमार ने भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में ताजपुर के मोतीपुर सब्जी मंडी में व्यापारी, किसान और गद्दीदार से बातचीत की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश, झारखंड और पटना आदि जगहों से व्यापारी मंडी आते हैं, लेकिन चुनाव के कारण बिहार के छपरा और भागलपुर में गाड़ी पकड़ने की घटनाओं से व्यापारी डर गए हैं और मंडी आना बंद कर दिया है।
इसका परिणाम यह हुआ कि फूलगोभी 10-12 रुपये किलो, बंधा गोभी 10-12 रुपये किलो, बैंगन 15 रुपये किलो, मूली 10-15 रुपये किलो, परवल 20 रुपये किलो, धनिया पत्ता 50 रुपये किलो, मिर्ची 50 रुपये किलो और कद्दू 10 रुपये प्रति पीस की दर से बिक रहा है। अधिकांश किसानों की सब्जियां मंडी में रह गईं।
सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने सब्जियों को इमरजेंसी सेवा में शामिल कर चुनाव कार्य के दौरान गाड़ी पकड़ने पर रोक लगाने की मांग की है।

