
बक्सर, 28 दिसंबर (विक्रांत) चौसा खेल मैदान पर शेरशाह सूरी जनकल्याण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय शेरशाह सूरी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ रविवार को हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की गाजीपुर इलेवन और बलिया इलेवन के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। कड़े मुकाबले में गाजीपुर इलेवन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बलिया इलेवन को 1-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में कई अवसर बने, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति के कारण गोल नहीं हो सका। दूसरे हाफ में गाजीपुर इलेवन ने तेज गति, सटीक पासिंग और बेहतर तालमेल के दम पर निर्णायक गोल दागा। इसके बाद बलिया इलेवन ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन गाजीपुर के गोलकीपर और डिफेंडरों ने शानदार बचाव कर जीत सुनिश्चित की।मैच के दौरान उपस्थित सांसद सुधाकर सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए चौसा खेल मैदान की घेराबंदी और स्टेडियम के विकास की घोषणा की, जिससे खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। उद्घाटन अवसर पर संस्थान अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी, एसटीपीएल के प्रभारी सीईओ संदीप कुमार एवं मितेश यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटा।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना है। सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल बक्सर एकादश और आरा एकादश के बीच खेला जाएगा।

