पटना, 18 अक्तूबर (पटना डेस्क) बिहार शरीफ नगर निगम प्रशासन ने आस्था के महापर्व छठ को लेकर विशेष तैयारियों की शुरुआत कर दी है। नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर आयुक्त दीपक कुमार मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों की टीम ने 18 अक्तूबर को विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया।

नगर आयुक्त ने सभी घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और साफ-सफाई की व्यवस्था समय से करने के निर्देश दिए। कोसुक छठ घाट पर अस्थाई सीढ़ी निर्माण और साफ-सफाई को प्राथमिकता देने की बात कही गई। बाबा मणिराम अखाड़ा घाट पर भीड़ के मद्देनजर पानी घटाकर अंतिम सीढ़ी के नीचे बैरिकेडिंग करने तथा पहुंच मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के आदेश दिए गए।
सूर्य मंदिर आशा नगर बसार विगहा घाट पर सफाई के साथ ही किसान कॉलेज पुलिया से आगे अस्थाई घाट निर्माण का निर्देश दिया गया। बिहार क्लब छठ घाट पर भी बैरिकेडिंग और प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

