शेखपुरा, 27 ए(राजेश कुमार झा) लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर शेखपुरा जिले में आस्था और लोकतंत्र का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत जिले के प्रमुख छठ घाटों पर विशेष ‘सेल्फी विद डेमोक्रेसी’ स्टैंड और स्वीप द्वारा जारी लोगो “चिरैया” स्थापित किए गए हैं, जो लोगों में उत्साह का नया जोश भर रहे हैं।

इन आकर्षक सेल्फी पॉइंट्स पर “छठ महापर्व और लोकतंत्र का त्योहार दोनों पर गर्व, हमारा अधिकार” का संदेश प्रमुखता से प्रदर्शित है। महिलाएँ, युवा, वरिष्ठ नागरिक और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाता बड़ी संख्या में इन स्टैंड्स पर पहुँचकर तस्वीरें ले रहे हैं। लोग इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा कर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था और जागरूकता को प्रकट कर रहे हैं।

जिला प्रशासन की यह पहल न केवल छठ पूजा की पवित्रता और सामूहिकता की भावना को सशक्त करती है, बल्कि मतदान के महत्व को भी रेखांकित करती है। “एक वोट, एक बदलाव” के संदेश के साथ ये सेल्फी पॉइंट्स मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिससे आस्था और लोकतंत्र का यह संगम वाकई अद्भुत बन गया है।

