समस्तीपुर, 24 अक्टूबर (निज संवाददाता) छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए, समस्तीपुर मंडल के प्रमुख स्टेशन मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा और सीतामढ़ी पर यात्रियों की आवाजाही में भारी वृद्धि की संभावना है। पर्व के दौरान इन व्यस्ततम स्टेशनों पर यात्री संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने तथा प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ रोकने के लिए रेल प्रशासन ने 28 अक्टूबर से 7 नवंबर 2025 तक उपरोक्त स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। इस अवधि में केवल मान्य आरक्षित या सामान्य टिकट रखने वाले यात्री ही स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।
रेल प्रशासन ने कहा कि इस कदम से स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण में आसानी होगी, यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने में सुविधा मिलेगी और दुर्घटना की संभावना कम होगी। साथ ही, रेलवे कर्मियों और सुरक्षा बलों के लिए भीड़ प्रबंधन आसान होगा और यात्रियों के लिए पेयजल, शौचालय एवं प्रतीक्षालय जैसी सुविधाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाएं, अनावश्यक प्रवेश से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। इसके माध्यम से यह महापर्व सभी के लिए सुरक्षित, सुगम और मंगलमय बन सकेगा।

