
समस्तीपुर, 18 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) न्याय व्यवस्था से जुड़े परिवार पर झारखंड में जानलेवा हमला सामने आया है। समस्तीपुर में पदस्थापित एक न्यायिक जज की पत्नी वंदना कुमारी को गोड्डा में दिनदहाड़े गोली मार दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। वंदना को दो गोलियां लगी हैं, एक जबड़े में और दूसरी पीठ में, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वंदना का पति संतोष कुमार साह पटोरी अनुमंडल में न्यायिक जज हैं। दोनों के बीच गोड्डा कोर्ट में तलाक और दहेज उत्पीड़न से जुड़े मामले चल रहे हैं। शनिवार को वंदना उसी केस की सुनवाई के लिए कोर्ट आई थी।

गवाही देकर मायके लौटने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया और अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वंदना सड़क पर गिर पड़ी, जबकि हमलावर फरार हो गए।स्थानीय लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार वंदना हनवारा थाना क्षेत्र के पुराना गांव की रहने वाली है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि हमलावर चार लोग थे, जिनमें उसके दो देवर भी शामिल हैं। एक देवर का नाम गुड्डू साह बताया गया है।वंदना ने पुलिस को बताया कि 2019 में उसकी शादी कहलगांव निवासी संतोष कुमार साह से हुई थी।

नौकरी लगने के बाद पति का व्यवहार बदल गया और 15 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई। 2020 में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया गया, जिसके जवाब में तलाक का मुकदमा दायर किया गया।वंदना की मां उर्मिला देवी ने आरोप लगाया कि पति और ससुराल वालों ने ही गोली चलवाई है। एसडीपीओ गोड्डा अशोक पिप्पलवार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

