पटना, 19 नवम्बर (पटना डेस्क) नालंदा के प्रभारी जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सोमवार को दैनिक जनता दरबार में 11 आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और उनके त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

दरबार में एक आवेदक ने बताया कि सार्वजनिक नाले पर अवैध रूप से दुकान और मकान निर्माण किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी हिलसा एवं कार्यपालक पदाधिकारी, हिलसा को तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एक अन्य मामले में ग्राम पंचायत अन्दी में मनरेगा योजनांतर्गत कार्यों को ट्रैक्टर और जेसीबी से कराए जाने की शिकायत मिली। डीएम ने इस पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा और कार्यपालक अभियंता, मनरेगा बिहारशरीफ को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
वहीं एक वृद्ध महिला ने बताया कि उन्हें वृद्धा पेंशन की राशि नहीं मिल रही है और साइबर क्राइम के तहत उनके खाते से पैसा भी निकाला गया है। प्रभारी डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग नालंदा एवं एसडीपीओ सदर-2 बिहारशरीफ को आवश्यक कार्रवाई का आदेश दिया।
अन्य आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।

