
समस्तीपुर, 21 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) विधानसभा क्षेत्र की माननीय विधायक अश्वमेघ देवी ने आज सदर अनुमंडल में आम जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर बड़ी पहल की। अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनहित के सभी प्रमुख मुद्दों पर गहन मंथन हुआ।

बैठक में भूमि विवाद, राजस्व मामले, प्रमाण पत्र निर्गत करने में हो रही देरी, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की स्थिति, जन वितरण प्रणाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम नागरिकों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशान न किया जाए और उनकी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी व संवेदनशील तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।अनुमंडल पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सदर अनुमंडल क्षेत्र में सभी मामलों का निष्पक्ष और त्वरित निष्पादन किया जाएगा तथा शिकायतों की नियमित समीक्षा होगी।

बैठक में विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्णय लिया गया, ताकि नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।विधायक ने दोहराया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनसमस्याओं का समाधान है और प्रशासन-जनप्रतिनिधि के संयुक्त प्रयास से सुशासन का प्रत्यक्ष लाभ हर नागरिक तक पहुंचाया जाएगा।

