समस्तीपुर, 5 अक्तूबर (निज संवाददाता) उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र में जन सुराज पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों को गति दे दी है। प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के तहत शनिवार को उजियारपुर में पार्टी के संस्थापक और प्राथमिक सदस्यों, संभावित प्रत्याशियों एवं संगठन पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की निगरानी राज्य मुख्यालय से नियुक्त पर्यवेक्षक एनपी मंडल और अमित गुंजन सिंह ने की। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के सभी संभावित प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में विचार रखे। बैठक में जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला प्रवक्ता हरेंद्र सिंह, जिला प्रभारी सुरेश पटेल, संगठन महामंत्री व चुनाव अभियान समिति के संयोजक समेत सभी प्रखंड अध्यक्ष मौजूद रहे।

सभी प्रत्याशियों की बातें सुनने के बाद संस्थापक व प्राथमिक सदस्यों ने बंद लिफाफे में अपनी राय पर्यवेक्षकों को सौंपी। यह राय पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाई जाएगी, जिस आधार पर प्रत्याशी चयन किया जाएगा।
यह प्रक्रिया 3 से 8 अक्तूबर तक बिहार की सभी विधानसभाओं में चलाई जा रही है। इससे पहले दो स्तरों पर पदाधिकारियों से राय ली जा चुकी है। बैठक में भारी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन की उपस्थिति रही।

